कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनका फोन टैप कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि उनके सभी आरोपों से जुड़े सबूत उनके फोन में मौजूद हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका फोन टैप करा रहे हैं. राहुल ने यह भी दावा किया कि उनके पास ऐसी कई जानकारियां हैं, जिनसे यह सामने आ सकता है कि कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है और कौन देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है.
प्रधानमंत्री मोदी को फिर दी आमने-सामने बहस की चुनौती
राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर सार्वजनिक रूप से आमने-सामने बहस करने की चुनौती दी. उन्होंने कहा कि अगर दोनों नेताओं के बीच वन-ऑन-वन बहस होती है तो उसके बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे. राहुल इससे पहले भी कई बार प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती दे चुके हैं.
संसद में बोलने नहीं देने का लगाया आरोप
इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी’ सेशन के दौरान राहुल गांधी से पूछा गया कि जब बीजेपी संसद में बहस के लिए तैयार है तो वह सार्वजनिक बहस की मांग क्यों कर रहे हैं. इस पर उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया जाता और उनका माइक बंद कर दिया जाता है.
कृषि कानून, चीन और वोट चोरी जैसे मुद्दों का किया जिक्र
राहुल गांधी ने कहा कि संसद में उन्हें कृषि कानूनों, वोट चोरी, एसआईआर, चीन, जनरल नरवणे की किताब और एपस्टीन जैसे मुद्दों पर बोलने नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि वह लंबी-लंबी भाषण वाली बहस नहीं चाहते, बल्कि दोनों नेताओं के बीच सीधा सवाल-जवाब होना चाहिए. उनके मुताबिक, इस चर्चा में दोनों पक्षों को एक-दूसरे से सवाल पूछने और आरोपों पर जवाब देने का मौका मिलना चाहिए.
गौतम अडानी और मोहन भागवत को जज बनाने की बात
राहुल गांधी ने बहस का तरीका बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक तरफ बैठें और वह दूसरी तरफ. दोनों के बीच सीधे सवाल-जवाब हों. उन्होंने यह भी कहा कि अगर इस बहस के लिए उद्योगपति गौतम अडानी या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत को जज बनाया जाता है तो उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं होगी.
‘बहस के बाद प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे मोदी जी’
राहुल गांधी ने कहा, “मैं गारंटी देता हूं कि मेरे साथ आमने-सामने की बहस के बाद प्रधानमंत्री पद पर नहीं रहेंगे.” वह पहले भी प्रधानमंत्री मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती दे चुके हैं. एक बार उन्होंने दावा किया था कि वह पांच मिनट में साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री ‘गद्दार’ हैं.
बीजेपी ने राहुल गांधी की चुनौती पर उठाए सवाल
बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी की सार्वजनिक बहस की चुनौती को खारिज किया है. उन्होंने कांग्रेस नेता पर संसद में उपलब्ध बहस के मंच का इस्तेमाल नहीं करने का आरोप लगाया. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि संसद बहस के लिए पहले से मौजूद मंच है और नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राहुल गांधी को गंभीरता और जिम्मेदारी दिखानी चाहिए.


