असम में भीषण बाढ़ से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए कॉमेडियन समय रैना ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने असम मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये दान किए हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर समय रैना के इस योगदान के लिए उनका आभार जताया।
CM ने कहा- मुश्किल वक्त में मदद के लिए शुक्रिया
असम के मुख्यमंत्री कार्यालय ने समय रैना की ओर से किए गए 10 लाख रुपये के बैंक ट्रांजैक्शन का स्क्रीनशॉट साझा किया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी पोस्ट कर लिखा कि मुश्किल समय में राहत प्रयासों में योगदान देने के लिए वह समय रैना के आभारी हैं।
इंटरनेट पर उठी FIR वापस लेने की मांग
मुख्यमंत्री के पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने एक अलग मुद्दा भी उठा दिया। कई यूजर्स ने हिमंत बिस्वा सरमा से समय रैना के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने की मांग की। कमेंट सेक्शन में लोगों ने लिखा कि जब समय ने बाढ़ राहत के लिए इतनी बड़ी रकम दान की है, तो उनके खिलाफ दर्ज केस वापस लिया जाना चाहिए।
दरअसल, साल 2025 में समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से जुड़े विवाद के बाद असम पुलिस ने समय रैना, रणवीर इलाहाबादिया और अन्य के खिलाफ कथित अश्लीलता को लेकर FIR दर्ज की थी।
असम में लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित
असम इस समय भीषण बाढ़ की चपेट में है। राज्य के कई जिलों में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हैं। बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
भुमि पेडनेकर और रणदीप हुड्डा भी पहुंचे असम
बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए बॉलीवुड से भी कई सितारे आगे आए हैं। रणदीप हुड्डा असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे और नाव के जरिए लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई। वहीं भूमि पेडनेकर भी अपनी टीम के साथ बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचीं और लोगों को जरूरी सामान उपलब्ध कराया।
असम में राहत कार्यों के बीच समय रैना का 10 लाख रुपये का योगदान चर्चा में है। वहीं, मुख्यमंत्री के धन्यवाद के बाद सोशल मीडिया पर उनकी FIR वापस लेने की मांग ने इस पूरे मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।


