जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनता इंटर कॉलेज, जामलाखाल में मिशन शक्ति और वन स्टॉप सेंटर, पौड़ी गढ़वाल के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना था.
वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं की दी जानकारी
कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका लक्ष्मी रावत ने छात्र-छात्राओं को वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली और हिंसा या उत्पीड़न से प्रभावित महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी. उन्होंने किशोरियों को घरेलू हिंसा के प्रकार, उसके दुष्प्रभाव और उससे बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से बताया.
पॉक्सो एक्ट और हेल्पलाइन नंबरों पर किया जागरूक
इस दौरान छात्र-छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई. साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और अन्य आपातकालीन सहायता सेवाओं के बारे में भी बताया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर इनका प्रभावी उपयोग किया जा सके.
शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रहे मौजूद
कार्यशाला में जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वीरेन्द्र सिंह रावत, प्रवक्ता राकेश कुमार, पूजा सिलमाणा, मीरा सेमवाल, कविता परमार, नीलम कोहली, नमिता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.


