देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र में 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात के आरोपित को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या घर में काम करने वाले नौकर ने की थी। महिला और आरोपित के बीच बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था।
डायल-112 पर मिली थी सूचना
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के अनुसार, 3 सितंबर को दिनेश बंसल निवासी रायपुर ने डायल-112 पर सूचना दी कि उनकी 72 वर्षीय पत्नी रेखा बंसल घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं और उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं।
सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल चिकित्सकों को मौके पर बुलाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
नौकर से पैसों को लेकर था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया कि रेखा बंसल और घर में काम करने वाले विनीत कुमार के बीच बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। विनीत कुमार मूल रूप से ग्राम मंजयाली, बड़कोट, उत्तरकाशी का रहने वाला है और वर्तमान में नेहरू कॉलोनी में रह रहा था।
पकड़े जाने के डर से दबाया मुंह-नाक
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान महिला के चिल्लाने पर आरोपित को पकड़े जाने का डर हुआ। इसके बाद उसने महिला का मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपित महिला के सोने के कड़े लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए उसने अपने कपड़े भी बदल लिए थे।
12 घंटे के भीतर गिरफ्तारी
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पुलिस की कई टीमों ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मृतका से लूटा गया सोने का कड़ा भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।


