उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मसूरिया दीन पासी की प्रतिमा का अनावरण किया. इस दौरान सीएम योगी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की आजादी की लड़ाई में सिर्फ पंडित जवाहरलाल नेहरू ही जेल नहीं गए थे, बल्कि मसूरिया दीन पासी ने भी लंबा समय जेल में बिताया था. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर मसूरिया दीन पासी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सम्मान में कई घोषणाएं भी कीं.
‘राहुल जी, एक बात नोट करना…’
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने राहुल गांधी को संबोधित करते हुए कहा, ‘राहुल जी, एक बात नोट करना. देश की आजादी के लिए सिर्फ और सिर्फ नेहरू जी जेल नहीं गए थे, देश की आजादी के लिए महाशय मसूरिया दीन पासी जी भी जेल गए थे.’
उन्होंने दावा किया कि मसूरिया दीन पासी 1932 से 1944 के बीच नौ साल तक जेल में रहे और वहां रहते हुए भी उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई को आगे बढ़ाने का काम किया.
सीएम योगी ने कहा कि मसूरिया दीन पासी का स्वतंत्रता संग्राम में अहम योगदान रहा है. उनकी स्मृतियों को संजोना और उनके संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है.
नेहरू के साथ सांसद चुने गए थे मसूरिया दीन पासी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में देश के संसदीय इतिहास का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 1952 में जब एक संसदीय क्षेत्र से दो सांसद चुने जाते थे, तब पंडित जवाहरलाल नेहरू और मसूरिया दीन पासी दोनों एक साथ चुनकर संसद पहुंचे थे.
सीएम योगी ने यह भी कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मसूरिया दीन पासी ने काले कानूनों को समाप्त करने के लिए संघर्ष किया था. उन्होंने मसूरिया दीन पासी के योगदान को याद करते हुए कहा कि ऐसे महापुरुषों को उचित सम्मान मिलना चाहिए.
चौराहे और संस्थान का नामकरण करने का ऐलान
सीएम योगी ने प्रतिमा के अनावरण के साथ ही मसूरिया दीन पासी के सम्मान में कई घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि जिस चौराहे पर उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है, उसका नाम भी मसूरिया दीन पासी के नाम पर रखा जाएगा.
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने प्रयागराज के किसी एक संस्थान का नाम मसूरिया दीन पासी के नाम पर रखने और वहां उनकी प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा भी की.
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महापुरुषों को सम्मान दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है. समाज को आगे बढ़ाने के लिए अपने महापुरुषों के योगदान को याद रखना जरूरी है.
‘महापुरुषों को सम्मान देकर ही समाज आगे बढ़ सकता है’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महापुरुषों को सम्मान देने से ही समाज आगे बढ़ सकता है. उन्होंने कहा, ‘भूत को सम्मान देकर ही हमारा वर्तमान संवर सकता है और वर्तमान संवरेगा तो भविष्य उज्ज्वल हो जाएगा.’
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान और योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी विरासत को सुरक्षित रखना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है.
प्रयागराज में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मसूरिया दीन पासी की प्रतिमा के अनावरण के साथ उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया. वहीं, राहुल गांधी पर मुख्यमंत्री की टिप्पणी ने कार्यक्रम को राजनीतिक चर्चा का विषय भी बना दिया.


