कुत्ते को इंसान अपना सबसे वफादार दोस्त मानता है. अक्सर अपना प्यार दिखाने के लिए कुत्ता इंसान को चाटता है. लेकिन, कुत्ते का यही प्यार आपको भारी पड़ सकता है. ऐसा ही यूके में एक 52 साल की महिला के साथ हुआ. जहां महिला को कुत्ते के काटने से ऐसा इंफेक्शन हुआ कि महिला के दोनों हाथ और दोनों पैर काटने पड़ गए.
52 साल की यूके की महिला मनजीत सांघा को कुत्ते ने उनके एक छोटे से कट या खरोंच को चाट लिया. इसी के बाद से महिला को सेप्सिस हो गया. ये एक खतरनाक तरीके का गंभीर इंफेक्शन है. इस इंफेक्शन की वजह से उसके दोनों पैर और दोनों हाथ काटने पड़े. इसी के बाद इस बीमारी से निपटने के लिए मनजीत सांघा ने 32 हफ्ते अस्पताल में बिताए. 6 बार उनको दिल का दौरा पड़ा.
काटने पड़े दोनों हाथ और पैर
मनजीत सांघा जुलाई 2025 को काम करके घर लौटी थीं. इसी के बाद उन्हें अजीब सा महसूस होने लगा. उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. अगली सुबह वो बेहोश हो गईं.
उनके हाथ-पैर ठंडे पड़ गए और होंठ नीले पड़ गए. उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी. उनके पति ने बताया कि शनिवार को वो अपने कुत्ते के साथ खेल रही थीं. इसी के बाद रविवार को वो काम पर गईं फिर सोमवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई और वो कोमा में पहुंच गईं.
6 बार पड़ा दिल का दौरा
उन्हें कोमा में शिफ्ट किया गया. डॉक्टरों को इंफेक्शन फैलने के चलते उनके दोनों पैर घुटनों के नीचे से और दोनों हाथ काटने पड़े. अस्पताल में रहते समय उनका दिल 6 बार रुक गया और कई और दिक्कतें भी हुईं.
डॉक्टरों का कहना है कि यह इंफेक्शन शायद तब शुरू हुआ जब उनके कुत्ते ने एक छोटे कट या खरोंच को चाटा. कुत्तों की लार में कैप्नोसाइटोफागा कैनिमॉर्सस नाम का एक बैक्टीरिया होता है. यह कुत्तों के लिए नुकसानदायक नहीं होता, लेकिन इंसानों में यह गंभीर इंफेक्शन और कभी-कभी मौत की वजह बन सकता है.
सेप्सिस क्या होता है?
सेप्सिस एक खतरनाक बीमारी है. इसमें बॉडी का इम्यून सिस्टम किसी इंफेक्शन पर जरूरत से ज्यादा रिएक्शन देने लगता है और शरीर के अपने ही अंगों पर हमला करने लगता है.
सेप्सिस खतरनाक होने पर सेप्टिक शॉक में बदल सकता है, जिससे ब्लड प्रेशर बहुत कम हो जाता है. इससे बॉडी के अंगों तक खून सही से नहीं पहुंचता और टिश्यू को नुकसान होता है, कई अंगों का फेल होना और यहां तक कि मौत भी हो सकती है.


