महाराष्ट्र के नासिक में खुद को ज्योतिषी और तांत्रिक बताने वाला अशोक खरात इन दिनों गंभीर आपराधिक मामलों को लेकर सुर्खियों में है. उसके खिलाफ अब तक कुल 8 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें दुष्कर्म, अंधविश्वास फैलाने, धोखाधड़ी और रंगदारी जैसे आरोप शामिल हैं. ताजा मामले में एक महिला ने उसके खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है, जबकि एक व्यापारी ने उससे पैसे ऐंठने और धमकी देने का आरोप लगाया है.
जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आरोपी पर कथित तौर पर ‘नरबलि’ यानी मानव बलि देने का भी शक जताया जा रहा है. सरकारी वकील शैलेंद्र बागड़े के अनुसार, अब तक जुटाए गए सबूत ऐसे संकेत देते हैं कि खरात का संबंध पांच संदिग्ध हत्याओं से हो सकता है. हालांकि, इस एंगल की अभी विस्तृत जांच जारी है.
नरबलि का शक
पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के ठिकानों से एक रिवॉल्वर, 21 जिंदा कारतूस और 5 इस्तेमाल की गई गोलियां बरामद की गई हैं. आशंका जताई जा रही है कि इन गोलियों का इस्तेमाल कथित नरबलि में किया गया हो सकता है. इसके अलावा, क्राइम ब्रांच ने उसके पास से करीब 6.5 लाख रुपये नकद और दो लैपटॉप भी जब्त किए हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि खरात ने कथित तौर पर करोड़ों की संपत्ति बनाई है, जिसमें जमीन, लग्जरी फ्लैट, ऑफिस और एक शादी हॉल शामिल हैं.
महिलाओं ने लगाए आरोप
दुष्कर्म के मामलों में सामने आई पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि खरात धार्मिक अनुष्ठानों और ‘आध्यात्मिक शक्तियों’ के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसाता था. वह उन्हें किसी श्राप या बुरी शक्तियों से मुक्ति दिलाने का झांसा देकर यौन शोषण करता था और डराता-धमकाता था ताकि वे किसी को कुछ न बता सकें. अब तक 5 महिलाएं ऐसे आरोपों के साथ सामने आ चुकी हैं. एक अन्य शिकायत उसके पूर्व कर्मचारी ने दर्ज कराई है, जिसमें उसने अपनी पत्नी के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया है.
एक महिला ने यह भी दावा किया कि जब उसने आरोपी से आपत्तिजनक वीडियो के बारे में सवाल किया, तो उसने उसे ‘AI से बना हुआ’ बताकर टाल दिया और शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी. शुरुआत में महिला ने पुलिस को पूरी सच्चाई नहीं बताई, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसने अपने परिवार को घटना की जानकारी दी और फिर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई.
ठगी का लगा आरोप
वहीं, एक व्यापारी ने आरोप लगाया है कि खरात अंधविश्वास का सहारा लेकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था. उसने कथित तौर पर व्यापारी को 21 देशों की यात्रा कराने का झांसा दिया और कहा कि वहां की मिट्टी छूने से तरक्की मिलेगी. इस बहाने उसने विदेश यात्राओं, लग्जरी कार और महंगे इलाज का खर्च भी उसी से उठवाया. मांग पूरी न होने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई.
नासिक पुलिस ने 17 मार्च को एक महिला की शिकायत के आधार पर खरात को गिरफ्तार किया था. कोर्ट में पेशी के बाद उसे 29 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है, जिसकी अगुवाई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी तेजस्वी सतपुते कर रही हैं. जांच अभी जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना है.


