दिल्ली में आज होने वाले Cockroach Janta Party (CJP) के बड़े प्रदर्शन से पहले इसके संस्थापक अभिजीत दिपके की भारत वापसी को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया हलकों में काफी चर्चा हो रही है. शुक्रवार को विदेश मंत्रालय (MEA) की प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार से इस मामले पर सवाल पूछा गया.
पत्रकारों ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल से पूछा कि क्या अमेरिकी सरकार ने अभिजीत दिपके के कथित वीजा दुरुपयोग या उनके निर्वासन (Deportation) को लेकर भारत को कोई जानकारी दी है. इस सवाल के जवाब में जायसवाल ने साफ कहा कि सरकार के पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जायसवाल ने यह भी बताया कि साल 2026 में अब तक 1,076 भारतीय नागरिकों को अमेरिका से वापस भेजा गया है, जबकि पिछले साल यह संख्या 3,567 थी. उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच Migration और Mobility को लेकर बातचीत जारी है. दोनों देशों का फोकस अवैध प्रवास (Illegal Migration) को रोकने पर है, जबकि कानूनी तरीके से होने वाले प्रवास को प्रभावित न करने की कोशिश की जा रही है.
अभिजीत दिपके ने पिछले महीने दिए एक इंटरव्यू में दावा किया था कि उन्हें डर है कि जैसे ही वे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरेंगे, दिल्ली पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सकती है. उन्होंने कहा था कि उन्हें लगता है कि एयरपोर्ट से सीधे तिहाड़ जेल ले जाया जा सकता है.
इसी बीच, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दिपके का परिवार महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित अपने घर से किसी अज्ञात स्थान पर चला गया है. हालांकि उनके पिता ने स्पष्ट किया कि परिवार को किसी तरह की धमकी नहीं मिली है.
आज दिल्ली में होगा CJP का बड़ा प्रदर्शन
कुछ ही हफ्तों में सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हुई Cockroach Janta Party आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपना पहला बड़ा जन प्रदर्शन करने जा रही है. इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करना बताया जा रहा है.
CJP का आरोप है कि देश की शिक्षा व्यवस्था में गंभीर समस्याएं हैं. पार्टी ने NEET-UG पेपर लीक विवाद और CBSE की On-Screen Marking System से जुड़े कथित गड़बड़ियों को लेकर सरकार को घेरा है.
अभिजीत दिपके ने देशभर के छात्रों, अभिभावकों और युवाओं से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के लिए अभी तक औपचारिक अनुमति नहीं मांगी गई थी, लेकिन दिपके ने कहा है कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले सभी जरूरी अनुमति लेने की कोशिश की जाएगी.
प्रदर्शन से एक दिन पहले CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका और वरुण दास ने एक संयुक्त संदेश जारी किया. उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह आंदोलन प्यार, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ाया जाएगा.
कौन हैं अभिजीत दिपके?
30 वर्षीय अभिजीत दिपके महाराष्ट्र के रहने वाले हैं. उन्होंने पुणे से पत्रकारिता (Journalism) में स्नातक की पढ़ाई की और हाल ही में अमेरिका की Boston University से Public Relations में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है.
दिपके ने Cockroach Janta Party की शुरुआत उस समय की थी जब Chief Justice Surya Kant की एक टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा हुआ था. आरोप था कि उन्होंने कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना “Cockroaches” और “Parasites” से की थी. इसी मुद्दे को व्यंग्यात्मक अंदाज में उठाते हुए दिपके ने CJP बनाई.
देखते ही देखते यह संगठन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन हासिल करने लगा. पार्टी के Instagram Followers की संख्या कुछ समय के लिए BJP के आधिकारिक अकाउंट से भी ज्यादा बताई गई.
शुक्रवार को किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट में अभिजीत दिपके ने कहा कि वह अमेरिका छोड़ चुके हैं और उन्हें भारत के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पूरा भरोसा है.


