साल 2026 की पहली छमाही खत्म होने के साथ ही मीडिया कंसल्टिंग और ऑडियंस रिसर्च फर्म Ormax Media ने अपनी मिड-ईयर OTT रिपोर्ट जारी कर दी है. ‘The India OTT Watchlist: An Ormax StreamView Report (Jan–Jun 2026)’ में जनवरी से जून 2026 के बीच भारत में सबसे ज्यादा देखी गई फिल्मों, वेब सीरीज और रियलिटी शोज की सूची जारी की गई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, कॉमेडियन समय रैना का शो ‘India’s Got Latent 2’ इस साल अब तक का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला OTT कंटेंट बन गया है. खास बात यह है कि यह शो पिछले महीने ही रिलीज हुआ था, लेकिन कम समय में ही इसने आदित्य धर की एक्शन ड्रामा ‘धुरंधर’ को भी पीछे छोड़ दिया.
Ormax Media ने कैसे तैयार की रिपोर्ट?
Ormax Media ने बताया कि यह रिपोर्ट Ormax StreamView (OSV) के आंकड़ों पर आधारित है. इसके लिए हर सप्ताह पूरे भारत में अलग-अलग भाषाओं के दर्शकों के बीच रिसर्च की जाती है.
यह डेटा हर सप्ताह 3,000 से अधिक लोगों से ऑनलाइन सर्वे और एक विशेष ऑडियंस पैनल के जरिए जुटाया जाता है. इसके बाद The Ormax OTT Audience Report 2025 के आधार पर पूरे भारत के OTT दर्शकों का अनुमान लगाया जाता है.
ऐसे तय होती है OTT व्यूअरशिप
रिपोर्ट के अनुसार, किसी भी फिल्म या शो की व्यूअरशिप में केवल उन दर्शकों को शामिल किया जाता है जिन्होंने उसे कम से कम 30 मिनट तक देखा हो. किसी दर्शक को, चाहे उसने शो कई सप्ताह तक देखा हो, केवल एक बार ही गिना जाता है.
रिपोर्ट में सभी भाषाओं और डब वर्जन की व्यूअरशिप को शामिल किया गया है, लेकिन आंकड़े केवल भारत के OTT दर्शकों तक सीमित हैं.
OTT की बदलती पसंद दिखा रही रिपोर्ट
Ormax Media की यह रिपोर्ट बताती है कि भारतीय दर्शकों की OTT पसंद लगातार बदल रही है. नए और अलग तरह के कंटेंट को तेजी से लोकप्रियता मिल रही है. ‘India’s Got Latent 2’ का कम समय में शीर्ष स्थान हासिल करना इसी बदलते ट्रेंड का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है.


