श्री नीलकंठ महादेव यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता में तैनात पुलिसकर्मी लगातार सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. इसी क्रम में मंगलवार को पुण्डरासू चौक के पास बेहोश होकर गिरे एक श्रद्धालु को पुलिस और SDRF की त्वरित कार्रवाई से समय रहते स्वास्थ्य शिविर पहुंचाया गया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को पुण्डरासू चौक पर ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल प्रकाश तिवारी और उनकी टीम को सूचना मिली कि चौक से करीब 500 मीटर नीचे पैदल यात्रा मार्ग पर एक श्रद्धालु अचानक अचेत होकर गिर गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची.
स्ट्रेचर से पहुंचाया स्वास्थ्य शिविर
श्रद्धालु की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस और SDRF के जवानों ने बिना समय गंवाए उसे स्ट्रेचर के माध्यम से निकटतम स्वास्थ्य शिविर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने श्रद्धालु का प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण किया.
इलाज के बाद हुई हालत सामान्य
बेहोश श्रद्धालु की पहचान 46 वर्षीय रजत मोगा के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं. डॉक्टरों की ओर से समय पर उपचार मिलने के बाद उनकी तबीयत सामान्य हो गई. पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की.


