हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत सोमवार को पौड़ी शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने वाली इस यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया. भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से शहर का माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया.
डीएवी इंटर कॉलेज से शुरू हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ डीएवी इंटर कॉलेज से हुआ. यहां से छात्र-छात्राओं की यात्रा माल रोड और बस स्टेशन होते हुए धारा रोड पहुंची. इसके बाद यात्रा रामलीला मैदान पहुंची, जहां इसका समापन किया गया. हाथों में तिरंगा लिए अनुशासन के साथ आगे बढ़ते विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना. रास्ते में स्थानीय लोगों ने भी यात्रा का स्वागत किया.
जयघोष से गूंजते रहे शहर के प्रमुख मार्ग
यात्रा के दौरान पौड़ी के प्रमुख मार्ग भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजते रहे. बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी ने तिरंगा यात्रा को भव्य रूप दिया. छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देते हुए लोगों से हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने की अपील की.
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक: धन सिंह रावत
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है. इसमें देश का गौरव, त्याग, संघर्ष और वीरता की भावना समाहित है. उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है.
उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और देश के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम की भावना व्यक्त करने का आह्वान किया. उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने की अपील की.
9 से 17 अगस्त तक चलेगा अभियान
डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेशभर में हर घर तिरंगा अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन समाज को एकता के सूत्र में जोड़ने के साथ ही युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं.
पाबौ में भी निकली तिरंगा यात्रा
हर घर तिरंगा अभियान के तहत विकासखंड पाबौ में भी तिरंगा यात्रा आयोजित की गई. इसमें कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने भाग लिया. हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया.
इस दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने और अपने घरों पर तिरंगा फहराने का संकल्प भी लिया.
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, पूर्व विधायक मुकेश कोली, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, खेल समन्वयक योगम्बर नेगी सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और अन्य लोग मौजूद रहे.


