दिल्ली में सोमवार को एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त सियासी प्रतिद्वंद्विता कुछ देर के लिए पीछे छूटती नजर आई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और गांधी परिवार के सदस्य एक ही फ्रेम में नजर आए। एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती की शादी के रिसेप्शन में नेताओं के बीच हुई हल्की-फुल्की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
PM मोदी ने प्रियंका गांधी का पूछा हाल
वायरल वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रियंका गांधी वाड्रा का हाल पूछते सुना जा सकता है। मोदी ने पूछा, “How is Priyanka doing?” इस पर प्रियंका ने जवाब दिया, “I am doing well, sir! How are you?”
मोदी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह हमेशा की तरह बिल्कुल वैसे ही हैं।
खड़गे बोले- ‘भाई साहब, आप थोड़ा बदल गए हो’
प्रधानमंत्री की इस बात पर वहां मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हंस पड़े। इसके बाद उन्होंने पीएम मोदी से मजाकिया अंदाज में कहा, “भाई साहब, आप थोड़ा बदल गए हो।”
खड़गे की बात सुनकर प्रधानमंत्री भी मुस्कुराए और बोले, “ओह, सच में?” इसके बाद दोनों नेताओं के बीच हंसी-मजाक का माहौल बन गया। वीडियो में राहुल गांधी भी इस बातचीत के दौरान मुस्कुराते नजर आए।
सोशल मीडिया पर शुरू हुई चर्चा
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स खड़गे के इस कमेंट के अलग-अलग मायने निकालने लगे। कुछ लोगों ने इसे पीएम मोदी के हालिया सोशल मीडिया अंदाज से जोड़कर देखा। खासकर युवाओं और Gen Z तक पहुंच बनाने के लिए प्रधानमंत्री के इंस्टाग्राम रील्स और वीडियो पोस्ट करने को लेकर भी चर्चा हुई।
शादी समारोह में कई बड़े नेता रहे मौजूद
यह मुलाकात सुप्रिया सुले की बेटी रेवती के शादी रिसेप्शन के दौरान हुई। कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली में शरद पवार के आवास पर किया गया था। इस दौरान अलग-अलग राजनीतिक दलों के कई बड़े नेता मौजूद रहे।
पीएम मोदी और शरद पवार की एक तस्वीर भी सामने आई, जिसमें दोनों गंभीर बातचीत करते नजर आए। इसे लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा हुई।
सियासी मतभेद अपनी जगह कायम
हालांकि शादी समारोह में नेताओं के बीच हल्का-फुल्का माहौल देखने को मिला, लेकिन संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव जारी है। कांग्रेस समेत विपक्षी दल कई मुद्दों को लेकर सरकार पर हमलावर हैं और संसद में चर्चा की मांग कर रहे हैं।
यानी कैमरे के सामने नेताओं के बीच मुस्कुराहट और मजाक जरूर दिखा, लेकिन राजनीतिक मतभेद अभी भी अपनी जगह कायम हैं।


