मुंबई: अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पिछले कुछ समय से अपने रिश्ते को लेकर लगातार चर्चा में हैं। दोनों के बीच अनबन की खबरों के बीच सुनीता के कई बेबाक बयानों ने भी सुर्खियां बटोरी हैं। अब उनके ‘शुगर डैडी’ वाले बयान पर गोविंदा ने प्रतिक्रिया दी है।
सुनीता के बयान पर गोविंदा का पलटवार
इंस्टैंट बॉलीवुड के इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किए गए एक वीडियो में गोविंदा ने बिना सीधे तौर पर सुनीता का नाम लिए कहा कि उन्हें “हद में” रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के बड़े कलाकारों ने अपने से कम उम्र की अभिनेत्रियों के साथ काम किया है और इसे गलत नजर से नहीं देखा जाना चाहिए।
गोविंदा ने कहा, “आप एक भी कसर नहीं छोड़ रही हैं कि मैं लोगों के दिल से उतर जाऊं।” उन्होंने आगे कहा कि उन्हें शोहरत, इज्जत और दौलत मिली है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि किसी ऐसे व्यक्ति को अपमानित किया जाए जिसके पास ये चीजें नहीं हैं।
क्या था सुनीता का ‘शुगर डैडी’ वाला बयान?
दरअसल, गोविंदा का नाम यंग एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ जोड़े जाने के बाद सुनीता ने पैपराजी से बातचीत में उन पर तंज कसा था। उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि बेटी की उम्र की लड़की के साथ घूमने पर उन्हें शर्म आनी चाहिए और उन्हें अपने पति को “शुगर डैडी” बताते हुए लड़की के पहनावे पर भी टिप्पणी की थी।
कोमल रानी के साथ नजर आने के बाद बढ़ी चर्चा
गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर पहले से चल रही चर्चाओं के बीच अभिनेता को हाल ही में कोमल रानी के साथ एयरपोर्ट पर देखा गया था। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर अटकलें तेज हो गईं।
हालांकि, गोविंदा की ओर से कोमल रानी के साथ किसी रिश्ते की पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, अब सुनीता के बयान पर उनका जवाब सामने आने के बाद दोनों के बीच चल रही जुबानी जंग फिर चर्चा में है।


