कर्नाटक के मांड्या से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां सालों तक भीख मांगकर अपना जीवन गुजारने वाली एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उसके घर से 8 लाख रुपये से ज्यादा की रकम बरामद हुई. कमरे में बोरे और बैगों में सिक्के और नोट भरे मिले, जिन्हें देखकर वहां पहुंचे स्थानीय लोग और रिश्तेदार भी हैरान रह गए.
बताया जा रहा है कि महिला का नाम नूर था और वह गुत्तलु कॉलोनी इलाके में रहती थीं. जिंदगीभर उन्होंने भीख मांगकर अपना गुजारा किया. सड़क और आसपास के इलाकों में भीख मांगकर मिलने वाली रकम में से वह पैसे बचाती रहीं और धीरे-धीरे उनकी अच्छी-खासी बचत जमा हो गई.
बोरों से मिले 8 लाख से ज्यादा पैसे
महिला की मौत के बाद जब स्थानीय लोग और रिश्तेदार उनके घर पहुंचे, तो वहां रखे बोरे और बैग खोले गए. इनमें बड़ी संख्या में सिक्के और नोट मिले. रकम को गिनने के बाद पता चला कि महिला ने अपनी जिंदगी में 8 लाख रुपये से ज्यादा की रकम जमा कर रखी थी.
साधारण तरीके से ज़िंदगी बिताती थी नूर
इस मामले ने सबसे ज्यादा लोगों को इसलिए चौंकाया क्योंकि नूर बेहद साधारण तरीके से जिंदगी गुजारती थीं. जिस महिला की जिंदगी में रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी लोग ज्यादा ध्यान नहीं देते थे, उसी के पास मौत के बाद इतनी बड़ी रकम सामने आई.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला की मौत के बाद उनकी जमा पूंजी को लेकर रिश्तेदारों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई. यानी जिस पैसे को नूर ने अपनी जिंदगी में धीरे-धीरे बचाया, वही पैसा उनकी मौत के बाद विवाद और चर्चा की वजह बन गया.


