ऋषिकेश-यमकेश्वर मार्ग पर बुधवार सुबह पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ जाने से यातायात प्रभावित हो गया। मलबा पटना वॉटरफॉल के समीप लक्ष्मणझूला से श्री नीलकंठ महादेव मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर आया है।
करीब 20 मीटर मार्ग प्रभावित
मलबा गिरने से करीब 20 मीटर सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ है। सूचना मिलने के बाद मौके पर जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। अधिक मात्रा में मलबा होने के कारण मार्ग को पूरी तरह सुचारू होने में करीब 3 से 4 घंटे का समय लगने का अनुमान है।
यात्रियों से रूट पर जाने से बचने की अपील
मार्ग के पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू होने तक यात्रियों एवं वाहन चालकों से इस रूट पर आवागमन से बचने की अपील की गई है। मौके पर पुलिस टीम तैनात है और वाहन चालकों से पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।


