देहरादून: भारत रत्न एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर देहरादून कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान समेत जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने पंडित पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम, समाज सुधार, साहित्य और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया।
स्वतंत्रता संग्राम से राष्ट्र निर्माण तक पंत का अहम योगदान
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत बहुआयामी प्रतिभा के धनी, दूरदर्शी चिंतक और कुशल राजनेता थे। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया और देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आजादी के बाद भी उन्होंने एक आदर्श जनप्रतिनिधि के रूप में समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन ही सच्ची श्रद्धांजलि
डीएम ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत के विचार और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। वर्तमान समय में जरूरत है कि प्रत्येक नागरिक उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करना ही पंत जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें अधिकारी-कर्मचारी
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करता है। शासन की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने के साथ जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को शासन तक पहुंचाना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।
युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष से जोड़ने पर जोर
डीएम आशीष चौहान ने कहा कि आजादी के संघर्ष और स्वतंत्रता के महत्व से युवा पीढ़ी को परिचित कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और देश के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशा.) स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम रविंद्र ज्वांठा समेत कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


