छोटे बच्चों को घर के बाहर अकेला छोड़ना कितना जोखिम भरा हो सकता है, इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक छोटी बच्ची घर के बाहर अपनी साइकिल के साथ खेलती नजर आती है। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक गाय अचानक बच्ची की तरफ बढ़ती है और उस पर हमला करने की कोशिश करती है।
अचानक हमले से घबरा गई मासूम
गाय के अचानक बच्ची की ओर बढ़ने से मासूम घबरा जाती है। वह कुछ समझ पाती, इससे पहले ही गाय उसके बेहद करीब पहुंच जाती है। इसी दौरान बच्ची की मां तुरंत वहां पहुंचती हैं और अपनी बेटी को बचाने के लिए गाय को पीछे हटाने की कोशिश करती हैं।
बेटी को बचाने के लिए गाय से भिड़ी मां
CCTV फुटेज में महिला गाय को हाथों से पीछे धकेलती दिखाई देती हैं। वह लगातार अपनी बच्ची को गाय से दूर करने का प्रयास करती हैं। कुछ देर तक महिला और गाय के बीच संघर्ष चलता रहता है, लेकिन मां अपनी बेटी को बचाने की कोशिश नहीं छोड़तीं।
दूसरी महिला ने भी पहुंचकर की मदद
इसी बीच घर से एक दूसरी महिला भी बाहर आती दिखाई देती हैं। वह तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्ची और उसकी मां की मदद करती हैं। दोनों महिलाएं मिलकर आखिरकार बच्ची को गाय से दूर करने में सफल हो जाती हैं।
आबूरोड की शिवाजी कॉलोनी का बताया जा रहा मामला
वायरल वीडियो को एक्स पर Ganesh Godara नाम के यूजर ने शेयर किया है। पोस्ट के मुताबिक, घटना आबूरोड की शिवाजी कॉलोनी की बताई जा रही है। पोस्ट में लिखा गया कि सड़क पर खेल रही छोटी बच्ची पर आवारा पशु ने हमला किया और संयोग से उसकी मां पास मौजूद थीं, जिन्होंने बच्ची को बचा लिया।
वीडियो देखकर यूजर्स ने दी प्रतिक्रिया
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। एक यूजर ने लिखा, “जानवर सिर्फ जानवर ही रहता है।” वहीं दूसरे यूजर ने लोगों को बच्चों का ख्याल रखने की सलाह दी।
बच्चों को अकेला छोड़ना पड़ सकता है भारी
यह घटना एक बार फिर बताती है कि छोटे बच्चों को सड़क, गली या घर के बाहर बिना निगरानी के छोड़ना कितना खतरनाक हो सकता है। वाहन, आवारा पशु, अनजान लोग या अचानक होने वाली कोई दुर्घटना बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। ऐसे में बच्चों के आसपास किसी बड़े व्यक्ति की मौजूदगी उनकी सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।


