मौसम विभाग के मुताबिक, 17 से 22 सितंबर के बीच देश के कई हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज रहने की संभावना है. कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की भी चेतावनी है.
दिल्ली-NCR में बारिश और बादल
दिल्ली-NCR में आज आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है.
उत्तराखंड और हिमाचल में भी मौसम बिगड़ेगा
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. कुछ स्थानों पर भारी बारिश का असर देखने को मिल सकता है. ऐसे में पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
यूपी, बिहार और झारखंड में बारिश
उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान जैसी स्थिति भी बन सकती है. बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की परेशानी बढ़ सकती है.
महाराष्ट्र समेत पश्चिमी राज्यों में बारिश
महाराष्ट्र, गुजरात और आसपास के क्षेत्रों में भी मानसून सक्रिय रहेगा. महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है. मुंबई में भी बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है.
पूर्वी और मध्य भारत में भी अलर्ट
ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कई जगह बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा भी रह सकता है.
दक्षिण भारत में भी बारिश जारी
कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर बना रह सकता है. तटीय और आसपास के क्षेत्रों में कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है.
19 सितंबर के आसपास मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना
उत्तर-पश्चिम भारत से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया सितंबर के तीसरे सप्ताह में शुरू होने की संभावना है. हालांकि, इससे पहले देश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है.

