नई दिल्ली: दिल्ली में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है. विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) विवाद और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पार्टी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की योजना बनाई थी. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने तय समय सीमा के भीतर आवेदन नहीं करने का हवाला देते हुए इसकी अनुमति नहीं दी.
दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय दिल्ली की ओर जाने वाले मार्गों पर स्थित मेट्रो के कम से कम 57 स्टेशनों को बंद करने के लिए भी दिल्ली मेट्रो से अनुरोध किया है. यह कदम CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए उठाया गया है.
10 दिन पहले आवेदन करना जरूरी
दिल्ली पुलिस आयुक्त नुपुर प्रसाद ने बताया कि CJP की ओर से सौरव दास ने बुधवार को प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन दिया था. जबकि मौजूदा दिशा-निर्देशों के अनुसार, किसी भी प्रदर्शन के लिए कम से कम 10 दिन पहले अनुमति मांगना जरूरी है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि शनिवार को होने वाले प्रदर्शन के लिए पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दी गई है. ऐसे में पार्टी निर्धारित कार्यक्रम के तहत जंतर-मंतर पर प्रदर्शन नहीं कर सकेगी.
नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस आयुक्त नुपुर प्रसाद ने यह भी कहा कि CJP पहले भी प्रदर्शन से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करने में विफल रही है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नियमों का उल्लंघन किया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
CJP का प्रस्तावित प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR विवाद को लेकर आयोजित किया जाना था. पुलिस की अनुमति नहीं मिलने और मेट्रो के 57 स्टेशनों को बंद करने के अनुरोध के बाद शनिवार को राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर रहेगी.


