उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिल्सी नगर में साइकिल छू जाने जैसी मामूली बात को लेकर दो युवतियों के बीच विवाद हो गया। स्टेट बैंक के पास शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच सड़क पर ही लात-घूंसे चलने लगे। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
पैदल घर जा रही युवती से छू गई साइकिल
जानकारी के मुताबिक, बिल्सी नगर के मोहल्ला नंबर पांच की निवासी वर्षा पैदल अपने घर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य युवती की साइकिल उससे छू गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और सड़क पर मारपीट होने लगी।
मारपीट के दौरान जुटी भीड़, वीडियो वायरल
घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद एक राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। वीडियो में एक पुलिसकर्मी भी घटनास्थल पर खड़ा दिखाई दे रहा है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया और विवाद शांत कराया।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में वर्षा की ओर से बिल्सी थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। शिकायतकर्ता ने मारपीट करने वाले आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बिल्सी के इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। प्रसारित वीडियो के आधार पर भी घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।


