मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध जारी है। इसी बीच INDIA ब्लॉक के नेताओं की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात होने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार रात 8 बजे विपक्ष के 10 नेता राष्ट्रपति से मिलेंगे। इस दौरान वे ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाते हुए राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेंगे।
विपक्षी दल पिछले कई दिनों से राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांग रहे थे। कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियां दिल्ली में प्रदर्शन कर रही हैं। शुक्रवार को उनके विरोध का चौथा दिन है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि वे राष्ट्रपति के सामने अपनी मांगें रखना चाहते हैं।
राहुल गांधी, खरगे और ममता बनर्जी भी होंगे शामिल
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव के अलावा वाम दलों के नेता भी शामिल होंगे। फिलहाल राष्ट्रपति ने 10 नेताओं को मिलने का समय दिया है, जबकि INDIA ब्लॉक चाहता है कि प्रतिनिधिमंडल में 15 नेता शामिल हों। विपक्ष की कोशिश है कि गठबंधन के सभी दलों को अपनी बात रखने का अवसर मिले।
ज्ञापन पर सांसदों के लिए जाएंगे हस्ताक्षर
राष्ट्रपति से मुलाकात से पहले शुक्रवार दोपहर 3 बजे INDIA ब्लॉक के सांसद सेंट्रल हॉल में जुटेंगे। यहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग वाले ज्ञापन पर सांसदों के हस्ताक्षर लिए जाएंगे। इसके बाद यह ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपा जाएगा।
राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की तैयारी
विपक्ष ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने की योजना भी बनाई थी। हालांकि, राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मिलने के बाद मार्च निकाला जाएगा या नहीं, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 20 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है।
CJP ने भी 10 अक्टूबर को प्रदर्शन का किया ऐलान
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन की सूचना काफी कम समय पहले दी गई थी। इसके अलावा पहले के प्रदर्शनों के दौरान निर्देशों का पालन नहीं किए जाने और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चिंताओं का भी हवाला दिया गया है।
अब सभी की नजरें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ होने वाली विपक्षी नेताओं की मुलाकात पर हैं। इस दौरान INDIA ब्लॉक के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग राष्ट्रपति के सामने रखेंगे।


