पौड़ी गढ़वाल के पाबौ विकासखंड में आयोजित शिविर में पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, टीकाकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. इस दौरान चारा बीज, दवाएं वितरित करने के साथ पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया.
पौड़ी गढ़वाल के पाबौ में पशुपालन विभाग की ओर से जन-जागरूकता एवं पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया. इसका उद्देश्य पशुपालकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पशुधन के स्वास्थ्य और उत्पादकता में सुधार करना था. शिविर में कुल 40 पशुपालकों ने भाग लिया.
पशुओं के स्वास्थ्य और बीमारियों से बचाव की दी जानकारी
शिविर में पशुपालकों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों के बारे में बताया गया. उन्हें संतुलित पशु आहार, नियमित टीकाकरण, कृमिनाशक दवाओं के इस्तेमाल और पशुओं को बीमारियों से बचाने के उपायों की जानकारी दी गई. इसके साथ ही पशुधन बीमा के महत्व को समझाते हुए विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया.
पशुओं की जांच कर वितरित की गईं दवाएं
शिविर के दौरान पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया गया. विभाग की ओर से 25 पशुपालकों को दवाएं और 11 पशुपालकों को पशुओं में बांझपन निवारण संबंधी दवाएं उपलब्ध कराई गईं. इसके अलावा 40 पशुपालकों को चारा बीज वितरित किए गए.
पशुपालकों को नियमित देखभाल और समय पर टीकाकरण की सलाह
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी पौड़ी डॉ. विशाल शर्मा ने पशुपालकों से विभागीय योजनाओं और सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि नियमित पशु चिकित्सा, संतुलित पोषण और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर पशुओं के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता में सुधार किया जा सकता है. इससे पशुपालकों की आजीविका मजबूत करने में भी मदद मिलेगी.


