उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में सोमवार को तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेल रहे चार बच्चों पर चढ़ गई. हादसे में 11 वर्षीय रौनक की लखनऊ के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई. दुर्घटना में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं.
पेड़ के चबूतरे पर खेल रहे थे बच्चे
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. हैदरगढ़ मार्ग पर कोठी क्षेत्र के असदामऊ गांव के पास तेज रफ्तार वैगनआर कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पीपल के पेड़ के चबूतरे पर खेल रहे चार बच्चों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सीमेंट से बना पक्का चबूतरा भी टूट गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
पुलिस के अनुसार, शहर के सोमैयानगर निवासी राजीव कुमार अवस्थी कार से बाराबंकी से कोठी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान असदामऊ गांव के पास कार अनियंत्रित होकर बच्चों से टकरा गई.
लखनऊ ट्रामा सेंटर में बच्चे की मौत
हादसे में आयुष, अंश और दो बच्चों के रौनक नाम होने की जानकारी सामने आई है. घायलों में श्रवण यादव का 9 वर्षीय बेटा आयुष, अमरेश यादव का 11 वर्षीय बेटा रौनक, रामकैलाश का 8 वर्षीय बेटा अंश और रामकल्याण का 11 वर्षीय बेटा रौनक शामिल हैं. कार चालक राजीव कुमार अवस्थी भी घायल हुए.
पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. गंभीर रूप से घायल अंश, रामकल्याण के बेटे रौनक और कार चालक राजीव कुमार को जिला अस्पताल बाराबंकी से लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया. इलाज के दौरान 11 वर्षीय रौनक की मौत हो गई. इस घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ समीर सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है.


