उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सीबीगंज थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और तीन तलाक देकर घर से निकालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने और लगातार बेटियां होने की वजह से उसे लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीबीगंज थाना क्षेत्र के सनूआ गांव निवासी 28 वर्षीय तंजीम ने बताया कि उसकी शादी बाबू खां से हुई थी, जो इलेक्ट्रिक का काम करता है। शादी के कुछ समय बाद से ही पति और ससुराल वाले मायके से रुपये लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। बच्चों की वजह से वह लंबे समय तक सब कुछ सहती रही, लेकिन समय के साथ हालात और बिगड़ते चले गए।
बेरहमी से मारपीट, गंभीर चोट लगने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। महिला ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके प्राइवेट पार्ट पर भी लात मारी गई, जिससे उसे गंभीर चोट आई और ब्लीडिंग शुरू हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की मदद से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप
तंजीम ने बताया कि उसके तीन बेटियां और एक बेटा है। करीब डेढ़ महीने पहले उसने चौथी संतान के रूप में एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद पति और ससुराल पक्ष का व्यवहार और अधिक बदल गया। उसे बेटियां पैदा होने को लेकर ताने दिए जाते थे और मायके से पैसे लाने का दबाव बनाया जाता था। महिला का आरोप है कि मारपीट के बाद पति ने उसे तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया और बेटे को भी अपने पास रख लिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि ननद समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने भी पति का साथ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


