उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में महज 80 रुपये को लेकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, दोस्तों के साथ शराब पीने के दौरान हुए विवाद के बाद अनीस की हत्या कर दी गई. आरोप है कि आरोपियों ने बेल्ट से उसका गला घोंटा और पगड़ी ठीक करने वाली नुकीली धातु की पिन से उसकी गर्दन पर कई वार किए. इसके बाद शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया गया.
23 सितंबर की रात दोस्तों के साथ पी रहा था शराब
पुलिस के मुताबिक, अनीस 23 सितंबर की रात अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि हिमांशु और राजा ने अनीस के हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि जसविंदर उर्फ हर्ष उर्फ अंग ने बेल्ट से उसका गला घोंट दिया. इसके बाद उसकी गर्दन पर नुकीली पिन से वार किए गए.
अनीस के लापता होने के बाद उसके भाई जमील ने 27 सितंबर को स्योहारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. जांच के दौरान पुलिस को हत्या की जानकारी मिली.
जेब में मिले सिर्फ 80 रुपये
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उन्हें अनीस के पास पैसे होने का शक था. हत्या के बाद जब उसकी जेब की तलाशी ली गई तो उसमें सिर्फ 80 रुपये मिले.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पैसे की उम्मीद में अपने ही दोस्त को निशाना बनाया, लेकिन उसकी जेब से महज 80 रुपये मिलने का दावा किया गया.
गन्ने के खेत में छिपाया शव
हत्या के बाद आरोपियों ने अनीस के शव को कुम्हारपुरा गांव के पास नहर की पटरी से लगे गन्ने के खेत में छिपा दिया. पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान पहने गए कपड़ों को भी अलग-अलग जगहों पर फेंका गया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें.
पगड़ी की पिन से किए वार
जांच में हत्या में इस्तेमाल की गई एक नुकीली धातु की पिन भी सामने आई है. इस तरह की पिन का इस्तेमाल आमतौर पर सिख पगड़ी को ठीक करने और बालों को व्यवस्थित करने के लिए किया जाता है.
पुलिस का दावा है कि इसी नुकीली पिन से अनीस की गर्दन पर कई वार किए गए. आरोपियों की निशानदेही पर बेल्ट और पिन बरामद करने की बात कही गई है.
तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में पहले हिमांशु और राजा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. अब तीसरे आरोपी जसविंदर उर्फ हर्ष उर्फ अंग को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर बेल्ट, नुकीली धातु की पिन और अनीस की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई है.
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि तीसरा आरोपी अपना नाम जसविंदर उर्फ हर्ष उर्फ अंग बता रहा था, जबकि शुरुआत में उसका नाम हरप्रीत उर्फ हर्ष उर्फ अंग सामने आया था. मामले में आगे की जांच जारी है.


