दिल्ली में प्रदूषण से लोगों को फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है. शनिवार सुबह राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 348 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 7:05 बजे तक कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी हुई थी. शहर के कई हिस्सों में घना स्मॉग छाया रहा.
कई इलाकों में AQI 400 के पार
CPCB के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में PM10 और PM2.5 प्रदूषण के प्रमुख कारण बने हुए हैं. कई निगरानी केंद्रों पर AQI गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया. नॉर्थ कैंपस में सबसे ज्यादा 421 AQI रिकॉर्ड हुआ. इसके बाद IIT दिल्ली में 419, ITO में 415 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 410 AQI दर्ज किया गया.
चांदनी चौक और आनंद विहार में भी खराब हवा
बहुत खराब श्रेणी वाले इलाकों में चांदनी चौक का AQI 392 और जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) का 390 रहा. आनंद विहार में 379 और छावला में 352 AQI दर्ज किया गया. वहीं, कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्कल में AQI 326 और मैदानगढ़ी में 300 रिकॉर्ड किया गया.
GRAP-3 के तहत लागू हैं पाबंदियां
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर को दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण यानी GRAP-3 को लागू किया था. इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने प्रदूषण कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं. शहर के अलग-अलग हिस्सों में पानी के छिड़काव के लिए स्प्रिंकलर लगाए जा रहे हैं, ताकि हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कणों को कम किया जा सके.
कृत्रिम बारिश के लिए क्लाउड सीडिंग का ट्रायल
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को बताया था कि IIT कानपुर की निगरानी में क्लाउड सीडिंग के ट्रायल किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अध्ययन पूरा होने और सकारात्मक नतीजे मिलने के बाद इसके इस्तेमाल और बारिश की संभावना से जुड़ी जानकारी साझा की जाएगी.
AQI के आंकड़ों पर AAP ने उठाए सवाल
दिल्ली सरकार के प्रदूषण नियंत्रण उपायों के बीच विपक्ष ने सरकारी आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं. आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को आरोप लगाया कि दिवाली के बाद प्रदूषण बढ़ने के बावजूद दिल्ली सरकार और CPCB की ओर से जारी AQI के आंकड़े वास्तविक स्थिति नहीं दिखा रहे हैं.
CREA की रिपोर्ट का हवाला देकर लगाए आरोप
सौरभ भारद्वाज ने सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि दिल्ली में वास्तविक प्रदूषण सरकारी वेबसाइटों पर दिखाए जा रहे आंकड़ों से 49 फीसदी ज्यादा था. उन्होंने कहा कि अगर AQI 370 दिखाया जा रहा है तो वास्तविक स्तर 560 या उससे अधिक हो सकता है. हालांकि, ये विपक्ष की ओर से लगाए गए आरोप हैं.
CPCB की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल
भारद्वाज ने CPCB की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदूषण का स्तर 999 से ऊपर पहुंचने पर सिस्टम उसे सही तरीके से दर्ज या प्रदर्शित नहीं कर पाता. उन्होंने दावा किया कि इस वजह से लोगों को प्रदूषण की वास्तविक स्थिति का पता नहीं चल पाता. भारद्वाज ने कहा कि आंकड़ों में कथित अंतर के कारण बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर मंडरा रहे खतरे को समझना मुश्किल हो सकता है.


