बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है. चार दिवसीय पर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई. व्रतियों ने गंगा और दूसरे जलाशयों में स्नान कर लौकी, चना दाल और चावल से बना सात्विक भोजन ग्रहण किया. इसके साथ ही छठ के कठिन व्रत की शुरुआत हो गई है.
घाटों पर तैयारियां अंतिम चरण में
पटना से लेकर मिथिला और मगध के जिलों तक छठ घाटों की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. गंगा किनारे नगर निगम के कर्मचारी और स्थानीय समितियां घाटों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं. वहीं कदमकुआं, राजा बाजार और बाकरगंज जैसे बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है. बाजारों में बांस के सूप, दउरा, हल्दी के पौधे, गन्ने और गलगल नींबू की मांग बढ़ गई है. घरों में ठेकुआ बनाने के लिए गेहूं और गुड़ की तैयारियां भी चल रही हैं.
103 में से 90 घाट सुरक्षित घोषित
छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना में गंगा घाटों का निरीक्षण किया. उन्होंने नासरीगंज घाट से महावीर घाट तक व्यवस्थाएं देखीं. मुख्यमंत्री ने बताया कि पटना में कुल 103 घाटों में से 90 को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया गया है, जबकि बाकी 13 घाटों को चिह्नित किया जा रहा है.
सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाकी तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए. उन्होंने घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर मजबूत बैरिकेडिंग, बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था और लाउडस्पीकर के जरिए जरूरी घोषणाएं लगातार कराने को कहा. नदी के जलस्तर और बहाव को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अधिकारियों को अपनी ड्यूटी वाली जगह पर तय समय से पहले पहुंचने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि अधिकारियों को तब तक अपने तैनाती स्थल पर रहना होगा, जब तक घाट पर एक भी श्रद्धालु या व्यक्ति मौजूद है. प्रशासन का मुख्य उद्देश्य छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
15 और 16 नवंबर को बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान बनाने के लिए पटना जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है. 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 8 बजे तक यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे.
अशोक राजपथ और मरीन ड्राइव पर वाहनों की आवाजाही बंद
यातायात योजना के तहत अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से दीदारगंज तक सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी. इसके अलावा जेपी गंगा पथ यानी मरीन ड्राइव के दोनों किनारों पर दीघा से दीदारगंज तक वाहनों के चलने पर रोक रहेगी. 15 नवंबर को सुबह 10 बजे से अगले 24 घंटे तक भारी व्यावसायिक और निर्माण कार्य से जुड़े वाहनों की जिले में एंट्री भी प्रतिबंधित रहेगी.
सोनपुर और छपरा से आने वालों के लिए खास निर्देश
अर्घ्य के समय सोनपुर और छपरा से पटना आने वाले लोगों के लिए जेपी सेतु पर आवाजाही बंद रहेगी. ऐसे यात्रियों को महात्मा गांधी सेतु का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए गांधी मैदान, पटना कॉलेज, साइंस कॉलेज और पाटलिपथ में व्यवस्था की गई है.
पार्किंग और इमरजेंसी वाहनों को लेकर अपील
प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही गाड़ियां खड़ी करने और विंडशील्ड पर अपना मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने की अपील की है. साथ ही लोगों से कहा गया है कि वे इमरजेंसी सेवाओं के वाहनों के रास्ते में कोई बाधा न डालें. छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ये व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं.


