भारी बारिश के बाद दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों में जलभराव और भीषण ट्रैफिक जाम देखने को मिला. आईएमडी ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी है.
बारिश से थमी दिल्ली की रफ्तार
शुक्रवार सुबह से हो रही लगातार बारिश ने दिल्ली-एनसीआर की रफ्तार रोक दी. धौला कुआं-गुरुग्राम रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. कई लोग एक घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहे. लोगों का कहना है कि गलत दिशा में वाहन चलने से स्थिति और खराब हो गई.
जलभराव से लोगों की बढ़ी मुश्किलें
राजधानी के कई निचले इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया. वाल्मीकि बस्ती में कमर तक पानी भरने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई जगह बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए प्लास्टिक शीट का अस्थायी बेड़ा बनाकर ले जाया गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरी ड्रेनेज व्यवस्था और अतिक्रमण के कारण हर साल यही स्थिति बनती है.
इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर
महिपालपुर टी-पॉइंट, महरौली-बदरपुर रोड, छतरपुर, शकरपुर, दक्षिणपुरी, ओखला, संगम विहार, सैनिक फार्म, लाल किला क्षेत्र, आईटीओ, वजीराबाद रोड, पटेल रोड, रोहतक रोड, शंकर रोड, कीर्ति नगर, दिल्ली-जयपुर हाईवे, पीरागढ़ी और शाहीन बाग समेत कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति रही.
एमसीडी को मिली कई शिकायतें
नगर निगम (MCD) के अनुसार भारी बारिश के बाद शहरभर से जलभराव और पेड़ गिरने की कई शिकायतें मिली हैं. वहीं पूर्वी दिल्ली के शकरपुर और मंडावली में ई-रिक्शा चालकों ने कहा कि सड़कों पर भरे पानी और खुले गड्ढों की वजह से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और उनकी आजीविका भी प्रभावित हुई है.
रेड अलर्ट जारी, अगले कुछ दिन भी राहत नहीं
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. साथ ही 10 अगस्त तक दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.


