देहरादून: उत्तराखंड में लगातार बारिश के बीच अगले 24 घंटों को लेकर मौसम विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। ऊधम सिंह नगर को छोड़कर राज्य के बाकी 12 जिलों में कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का खतरा जताया गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य सरकार ने सभी संबंधित जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
इन 12 जिलों में बढ़ा खतरा
मौसम विभाग के फ्लैश फ्लड रिस्क बुलेटिन के मुताबिक अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पौड़ी के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में अचानक बाढ़ का खतरा है।
निचले इलाकों में जलभराव की आशंका
लगातार बारिश के कारण मिट्टी में नमी बढ़ गई है। ऐसे में निचले इलाकों में पानी का बहाव तेज होने के साथ जलभराव की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा भूस्खलन और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की भी आशंका जताई गई है।
DM और विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों और विभागों को सतर्क रहने को कहा है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू करने के लिए संबंधित एजेंसियों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पहाड़ों में छोटी धाराएं भी बन सकती हैं खतरनाक
सरकार ने लोगों को पहाड़ी इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बारिश के दौरान छोटी जलधाराओं में भी अचानक तेज पानी आ सकता है। ऐसे में लोगों से नदी-नालों, पुल-पुलियाओं और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचने की अपील की गई है।
यात्रा से पहले सड़क और मौसम की जानकारी लें
प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। भूस्खलन की आशंका वाले रास्तों पर विशेष सावधानी बरतने और यात्रा से पहले मौसम व सड़क की स्थिति की जानकारी लेने को कहा गया है।


