भारत ने एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स में लंबे समय से चले आ रहे स्वर्ण पदक के इंतजार को खत्म कर दिया. मंगलवार को महिला 4×400 मीटर रिले टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. भारतीय टीम ने 3:29.69 सेकंड का समय निकालकर रेस पूरी की. भारत की ओर से किरण पाहल, एम. पूवम्मा, प्राची और विथ्या रामराज ने हिस्सा लिया.
बहरीन और चीन को पछाड़कर जीता गोल्ड
भारतीय टीम ने कड़े मुकाबले में बहरीन और चीन को पीछे छोड़ा. बहरीन ने 3:30.21 सेकंड के समय के साथ सिल्वर, जबकि चीन ने 3:31.02 सेकंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता. यह एशियन गेम्स 2026 में एथलेटिक्स में भारत का पहला गोल्ड है.
विथ्या रामराज ने जीते तीन पदक
इस जीत के साथ विथ्या रामराज का एशियन गेम्स अभियान भी बेहद खास हो गया. वह इससे पहले मिश्रित 4×400 मीटर रिले में सिल्वर और महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी थीं. 400 मीटर हर्डल्स में उन्होंने 54.75 सेकंड का समय निकालकर पीटी ऊषा का 42 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा था.
एथलेटिक्स में भारत का शानदार दिन
महिला 4×400 मीटर रिले से पहले भी भारत ने एथलेटिक्स में कई पदक हासिल किए. गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीता, जो इन खेलों में उनका तीसरा पदक रहा. वहीं पूजा ने महिलाओं की हाई जंप में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया. मिश्रित 4×100 मीटर रिले में भी भारत को ब्रॉन्ज मिला.


