अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, उत्तराखंड प्रांत का वार्षिक अधिवेशन शनिवार को कोटद्वार स्थित कल्पनानगरी में आयोजित किया गया। अधिवेशन में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ऋतु खण्डूडी भूषण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूडी और संस्था के पूर्व अध्यक्ष कमांडर जैसवाल के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों को किया नमन
ऋतु खण्डूडी भूषण ने देश सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
पूर्व सैनिकों की समस्याओं और अधिकारों पर मंथन
अधिवेशन के दौरान पूर्व सैनिकों के कल्याण, उनकी समस्याओं, अधिकारों और उनके परिवारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने पूर्व सैनिकों के अनुभव, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
पूर्व सैनिक गौरव और प्रेरणा के स्रोत: ऋतु खण्डूडी
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व सैनिक देश और समाज के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं हितों के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
संगठन को मजबूत बनाने की कार्ययोजना पर चर्चा
अधिवेशन में संगठन की आगामी कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रदेशभर में संगठन को अधिक मजबूत बनाने, सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और पूर्व सैनिकों की समस्याओं के प्रभावी समाधान को लेकर चर्चा हुई।
कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेजर जनरल (डॉ.) आर.के. गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष मेजर जनरल गुलाब सिंह रावत, मेजर मलवीर सिंह रावत, जिला अध्यक्ष सूबेदार कुलदीप सिंह रावत, ग्रुप कैप्टन हुसवंत सिंह, विंग कमांडर डी. ओबराय समेत बड़ी संख्या में परिषद के पदाधिकारी और पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।


