पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार से लापता हुई युवती को पुलिस ने जम्मू रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस के मुताबिक, युवती 17 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 9 बजे कपड़े लेने कोटद्वार बाजार गई थी, लेकिन घर वापस नहीं लौटी. परिजनों की शिकायत पर 18 अक्टूबर को कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा दर्ज किया गया.
CCTV और CDR से मिला जम्मू जाने का सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने युवती की जल्द तलाश के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) का विश्लेषण किया. तकनीकी जांच में युवती के जम्मू जाने वाली ट्रेन में होने की जानकारी मिली.
जम्मू पुलिस की मदद से सकुशल बरामदगी
पुलिस टीम तत्काल जम्मू-कश्मीर रवाना हुई और जीआरपी के साथ समन्वय स्थापित किया. जम्मू पुलिस के सहयोग से युवती को जम्मू रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया. आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
माता-पिता की डांट से नाराज होकर गई थी जम्मू
पुलिस के अनुसार, युवती माता-पिता की डांट से नाराज होकर जम्मू पहुंच गई थी. इस मामले में कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा संख्या 256/2026, धारा 140(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दर्ज किया गया था.
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
युवती की तलाश और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजा राम डोभाल, कांस्टेबल अनुज वर्मा और महिला कांस्टेबल नेहा रावत शामिल रहे.


