देश के कई हिस्सों से मॉनसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन बारिश का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 10 अक्टूबर तक हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम बदलने से ठंड की शुरुआत भी महसूस होने लगी है।
यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में बूंदाबांदी के आसार
उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में 12 अक्टूबर तक हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। वहीं बंगाल, बिहार और झारखंड में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का मौसम बने रहने के संकेत हैं। बिहार और झारखंड में 7 अक्टूबर को हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
हिमालयी राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 8 अक्टूबर और इसके बाद 10 अक्टूबर को बारिश होने के आसार हैं। राजौरी, पुंछ और ऊधमसिंह नगर जैसे इलाकों में बारिश हो सकती है, जबकि अनंतनाग, पुलवामा और डोडा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना है।
हिमाचल और उत्तराखंड में 10 अक्टूबर तक बारिश
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 10 अक्टूबर तक रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हिमाचल के शिमला, मनाली और कुल्लू में हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़, देहरादून, रुद्रप्रयाग और चमोली समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बारिश के संकेत हैं।
पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 अक्टूबर के आसपास गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी इस दौरान बारिश होने के संकेत हैं।
चक्रवाती गतिविधियों और ट्रफ से बदलेगा मौसम
मौसम में बदलाव के पीछे कई मौसमी प्रणालियों को जिम्मेदार बताया जा रहा है। सिक्किम के आसपास चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। निचले क्षोभमंडल में उत्तर-पूर्वी बिहार से लेकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है, जिससे बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
दक्षिण भारत में भी बारिश का असर
मन्नार की खाड़ी और दक्षिणी तटीय तमिलनाडु के आसपास भी चक्रवाती गतिविधि बनी हुई है। इसके अलावा मन्नार की खाड़ी से पूर्व-मध्य अरब सागर तक एक अन्य ट्रफ लाइन मौजूद है। इन मौसमी बदलावों के चलते अगले 4-5 दिनों तक देश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी बारिश
मध्य प्रदेश में 9 अक्टूबर तक और छत्तीसगढ़ में 10 अक्टूबर तक बारिश होने के आसार हैं। महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी 8 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान जताया गया है। पूर्वोत्तर राज्यों में असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।
अगले 48 घंटे में कई राज्यों से पूरी तरह विदा होगा मॉनसून
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों से वापसी की ओर बढ़ रहा है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और गुजरात के सभी हिस्सों से मॉनसून की विदाई हो चुकी है। अगले 48 घंटों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों से भी मॉनसून की पूरी तरह वापसी होने की संभावना है।
केरल-तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी
दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। कर्नाटक में बेंगलुरु समेत कई क्षेत्रों में भी भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं के कारण मौसम में बदलाव के संकेत हैं।


