उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है. समाजवादी पार्टी के तीसरे प्रत्याशी को लेकर चल रही अटकलों के बीच अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर ऐसा पोस्ट किया, जिससे माना जा रहा है कि पार्टी तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारेगी. अब उनके पोस्ट पर एनडीए के सहयोगी और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने तंज कसा है.
अखिलेश ने कहा- तीन नहीं, 403 पर नजर
अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अब उनकी निगाह तीन पर नहीं, बल्कि 403 पर है. उनके इस बयान को राज्यसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है.
दरअसल, सपा के तीसरे उम्मीदवार को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चा चल रही थी. अखिलेश यादव ने कुछ दिन पहले भी तीसरे प्रत्याशी की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया था. उन्होंने कहा था कि गिनती पूरी होने के बाद देखा जाएगा.
इसके बाद सपा के तीसरे उम्मीदवार के नाम को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं. पार्टी के PDA फॉर्मूले को देखते हुए तीसरा प्रत्याशी मुस्लिम चेहरे को बनाए जाने की चर्चा भी थी.
ओपी राजभर ने कसा तंज
अखिलेश यादव के पोस्ट पर सुभासपा अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने चुटकी ली. उन्होंने एक्स पर लिखा, “बस हो गई टांय-टांय फिस्स! वैसे कभी-कभी ही सही, आप कुछ समझदारी का काम भी कर ही लेते हैं. जैसे आज किया.”
ओपी राजभर ने आगे लिखा, “रही बात 403 की तो बस यही कहूंगा कि सपने देखना बुरी बात नहीं है.”
सपा के दो उम्मीदवार, BJP के 8 प्रत्याशी
सपा ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए प्रोफेसर रामगोपाल यादव और उद्योगपति धनराज नथवानी को अपना प्रत्याशी बनाया है. वहीं, तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारने की स्थिति में बीजेपी के सभी 8 प्रत्याशियों और सपा के दोनों उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है.राज्यसभा चुनाव के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है.
विधानसभा चुनाव से पहले क्रॉस वोटिंग का खतरा टला?
अखिलेश यादव के 403 वाले पोस्ट के बाद माना जा रहा है कि सपा राज्यसभा चुनाव में मतदान की नौबत नहीं आने देना चाहती. इससे विधानसभा चुनाव से करीब छह महीने पहले विधायकों की क्रॉस वोटिंग को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर भी विराम लग सकता है.
दरअसल, राज्यसभा चुनाव में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ से क्रॉस वोटिंग की संभावना जताई जा रही थी. ऐसे में तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारने का फैसला दोनों खेमों के लिए राहत की स्थिति माना जा रहा है.


