वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद पुलिस कानून व्यवस्था के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं और जनसेवा का भी लगातार निर्वहन कर रही है. इसी क्रम में 31 जुलाई को कोटद्वार क्षेत्र में 72 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला अकेली और बेसहारा हालत में भटकती हुई मिलीं.
पति के निधन के बाद अकेले गुजर रहा था जीवन
पुलिस टीम ने महिला से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि उनके पति का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है और अब उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है. अकेलेपन और बेबसी के कारण वह बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रही थीं.
महिला कांस्टेबल ने दिखाई संवेदनशीलता
महिला की स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल विद्या मेहता ने तुरंत मदद का फैसला लिया. उन्होंने जहरीखाल स्थित वृद्धाश्रम के प्रबंधक नीरज से संपर्क कर पूरी जानकारी दी और महिला के लिए सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था कराई.
वृद्धाश्रम में कराई सुरक्षित व्यवस्था
सकारात्मक सहयोग मिलने के बाद पुलिस टीम ने बुजुर्ग महिला को सकुशल वृद्धाश्रम पहुंचाया, जहां उनके रहने, देखभाल और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई. इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की.


