‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण के तहत पौड़ी के रामलीला मैदान में ‘सेवा a pi अभियान’ का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी और विधायक प्रतिनिधि ओमप्रकाश जुगराण की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
दीयों की रोशनी से जगमगाया मैदान
दीप प्रज्ज्वलन के बाद रामलीला मैदान रोशनी से जगमगा उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया और जनसेवा व जनकल्याण के प्रति संकल्प व्यक्त किया। विभिन्न विभागों की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी भी लोगों को दी गई।
लोक संस्कृति की दिखी रंगारंग झलक
स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक दलों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर मैदान में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ उनका हौसला बढ़ाया।
बालिकाओं और लाभार्थियों को बांटी गईं किट
‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ कार्यक्रम के तहत बालिकाओं को किट वितरित की गईं। इसके साथ ही पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट भी दी गई। महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण, पोषण और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
गांव-गांव तक पहुंच रहीं सरकारी योजनाएं
अभियान के तहत विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनका उद्देश्य लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराना है।
डीएम ने रामलीला रिहर्सल भी देखी
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने रामलीला मैदान में रामलीला की रिहर्सल का अवलोकन कर कलाकारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रामलीला समिति की आर्ट गैलरी का भी निरीक्षण किया।
बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा
जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रमों के जरिए सेवा, संकल्प और जनकल्याण का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।


