कंगना रनौत विवाद के बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ‘Sorry Hrithik’ ट्रेंड पर अभिनेता ऋतिक रोशन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति का समर्थन सिर्फ इसलिए नहीं करना चाहिए क्योंकि लोग दूसरे व्यक्ति को पसंद नहीं कर रहे हैं। उनका मानना है कि किसी भी मामले पर राय तथ्यों के आधार पर बननी चाहिए, न कि सोशल मीडिया के ट्रेंड के आधार पर।
दरअसल, इन्फ्लुएंसर फ्रेडी बर्डी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था कि “दुनिया को ऋतिक रोशन से माफी मांगनी चाहिए।” इस पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए ऋतिक ने लिखा कि सिर्फ इसलिए किसी का पक्ष लेना कि अब लोग दूसरे को पसंद नहीं करते, समाज की एक बड़ी समस्या का हिस्सा है।
उन्होंने आगे लिखा, “मैं इंतजार करूंगा कि लोग सही संदर्भ और तथ्यों के आधार पर बात करें। वही निष्पक्ष होगा। लेकिन अब आखिर इसकी परवाह कौन करता है?”
कैसे शुरू हुआ ‘Sorry Hrithik’ ट्रेंड?
यह ट्रेंड उस समय तेज हुआ जब Cockroach Janta Party (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास ने कंगना रनौत की टिप्पणियों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उनके दोस्तों ने मजाक में कहा था कि वह युवा ऋतिक रोशन जैसे दिखते हैं और इसी वजह से कंगना उन पर निशाना साध रही हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने कंगना और ऋतिक के 2016 के विवाद को फिर से चर्चा में ला दिया और #SorryHrithik ट्रेंड करने लगा।
2016 के विवाद का भी हुआ जिक्र
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ट्रेंड में कंगना और ऋतिक के बीच साल 2016 में हुए चर्चित कानूनी विवाद का भी जिक्र किया जा रहा है। उस समय कंगना ने दोनों के रिश्ते का दावा किया था, जबकि ऋतिक ने इन आरोपों से इनकार किया था और मामला कानूनी लड़ाई तक पहुंच गया था।
जांच के दौरान ऋतिक ने अपना पासपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जांच एजेंसियों को सौंपे थे, जबकि कंगना ने अपना लैपटॉप और आईपैड पानी से खराब होने का हवाला देते हुए जमा नहीं कराया था। बाद में वर्ष 2021 में पर्याप्त सबूत नहीं मिलने पर जांच एजेंसी ने Nil Report दाखिल कर दी थी।
ऋतिक रोशन के ताजा बयान से साफ है कि वह इस पूरे विवाद को सोशल मीडिया ट्रेंड की बजाय तथ्यों के आधार पर देखे जाने के पक्षधर हैं।

