मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत पातल में जिलाधिकारी Swati S Bhadauria की अध्यक्षता में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया.
जिलाधिकारी ने स्टॉलों का निरीक्षण कर ली
योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्राम प्रधान मोनिका पांडेय ने जिलाधिकारी का पौधा भेंट कर स्वागत किया. इस अवसर पर जिलाधिकारी ने एकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की. साथ ही एक महिला को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, एक को बिटिया की नेम प्लेट और एक दिव्यांग को छड़ी वितरित की.शिविर में आयुर्वेदिक, पशुपालन, बाल विकास, कृषि, उद्यान, श्रम, एनआरएलएम, ग्रामोत्थान और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाए. जिलाधिकारी ने इनका निरीक्षण कर योजनाओं और लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली.
विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना
जिलाधिकारी ने राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज एकेश्वर के कक्षा 7 के छात्र मयंक और शौर्य द्वारा बनाई गई कलाकृतियों को देखा और उनकी सराहना की. उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
दिव्यांगता प्रमाणपत्र और पुश्ता निर्माण के दिए निर्देश
शिविर के दौरान ऊषा देवी ने अपने दिव्यांग बेटे का दिव्यांगता प्रमाणपत्र लंबे समय से न बनने की शिकायत रखी. इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को 18 मार्च को आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी कर प्रमाणपत्र जारी करने के निर्देश दिए.
वहीं प्रकाश चंद्र जदली द्वारा सड़क किनारे क्षतिग्रस्त पुश्ता की समस्या उठाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को 30 मार्च तक प्राथमिकता से पुश्ता निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए.
सोलर लाइट और किसानों की मांग पर कार्रवाई
गांव में सोलर लाइट न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही सोलर लाइट स्वीकृत कर उरेडा अधिकारी को इसी सप्ताह लगाने के निर्देश दिए. किसानों द्वारा कीवी के लिए कोल्ड स्टोरेज की मांग उठाने पर उन्होंने क्षेत्र में अनुपयोगी भवन चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को उपज भंडारण की सुविधा मिल सके.
27 शिकायतें दर्ज, 150 लाभार्थियों को मिला लाभ
शिविर में ग्राम स्वास्थ्य समिति के धन के गबन, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, पीएम किसान निधि की किश्त, पेयजल समस्या और झूलती विद्युत लाइनों से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं, जिन पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए.शिविर में कुल 27 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण कर दिया गया. साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत 150 पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया और कार्यक्रम में 572 लोग उपस्थित रहे.


