मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले सुरक्षा को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के स्थल से दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक के पास बंदूक बरामद हुई है, जबकि दूसरे के पास प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का फर्जी पहचान पत्र मिला है।
पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर एक व्यक्ति संदिग्ध तरीके से घूमता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके बॉडीगार्ड को हिरासत में लिया। बॉडीगार्ड के पास बंदूक मिली।
पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए 24 वर्षीय रोहन पारेख ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बताया था। हालांकि, जांच के दौरान उसके पास मौजूद PMO का पहचान पत्र फर्जी पाया गया।
PM मोदी के पहुंचने से पहले मचा हड़कंप
दोनों लोगों के हिरासत में लिए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम NMACC में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) का उद्घाटन करने वाले हैं। कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले हथियार और फर्जी पहचान पत्र के साथ संदिग्धों के पकड़े जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
मुंबई पुलिस कर रही पूछताछ
मुंबई पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे बंदूक और फर्जी पहचान पत्र के साथ कार्यक्रम स्थल में क्यों दाखिल हुए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच अपने हाथ में ले ली है। दोनों हिरासत में लिए गए लोगों के मोबाइल फोन, पहचान संबंधी दस्तावेज और अन्य सामान की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


