उत्तराखंड सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत पौड़ी विकासखंड सभागार में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया. सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी.
शिविर में पात्र लाभार्थियों को कई सरकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी.
एक ही छत के नीचे मिली सरकारी सेवाएं
शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों तक सरकारी सेवाओं को सरल और सुगम तरीके से पहुंचाना था. विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराईं. इससे लोगों का समय और खर्च दोनों बचा तथा सरकारी प्रक्रियाओं को आसान बनाने में भी मदद मिली.
राज्यमंत्री कुलदीप बुटोला ने किया निरीक्षण
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड खेल परिषद के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री कुलदीप बुटोला मौजूद रहे. उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चलाया जा रहा यह अभियान सरकार और जनता के बीच की दूरी कम करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है.
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के जनसेवा के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़ा 19 जुलाई तक चलेगा, जिसमें प्रदेशभर में लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
पांच लाख से अधिक लोग उठा चुके हैं लाभ
राज्यमंत्री ने कहा कि अभियान के पहले चरण में प्रदेशभर में पांच लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं. खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में ऐसे शिविर लोगों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
उन्होंने युवाओं और महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार और उद्यमिता को अपनाने की अपील की. साथ ही स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का संदेश भी दिया.
कृषि और स्वरोजगार पर दिया गया जोर
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि पौड़ी जिले में कृषि, बागवानी और जैविक खेती की अपार संभावनाएं हैं. यदि किसान आधुनिक तकनीक और सरकारी योजनाओं का सही उपयोग करें तो उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है.
उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों को खाद्य प्रसंस्करण, उद्यानिकी, होम-स्टे और अन्य आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर बल दिया. साथ ही युवाओं से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर विकसित कर पलायन रोकने की दिशा में काम करने का आह्वान किया.
बड़ी संख्या में पहुंचे अधिकारी और स्थानीय लोग
जनसेवा शिविर में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया. लोगों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और कई सेवाओं का लाभ भी उठाया.
यह अभियान ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.


