देहरादून. उत्तराखंड में आज भी मौसम के तेवर कड़े बने रहेंगे. मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं, मौसम विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने अगले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा जताया है.
फ्लैश फ्लड और जलभराव की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों की मिट्टी पहले से ही पूरी तरह संतृप्त हो चुकी है. ऐसे में अगले 24 घंटों में होने वाली बारिश से सतही जल प्रवाह (सर्फेस रनऑफ) तेजी से बढ़ सकता है. निचले इलाकों में जलभराव, छोटे नालों और नदियों का जलस्तर बढ़ने तथा अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है.
12 जिलों में स्कूल बंद
रेड अलर्ट को देखते हुए राज्य के 12 जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं. बागेश्वर को छोड़कर देहरादून, हरिद्वार, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी समेत अन्य जिलों में जिला प्रशासन ने एहतियातन अवकाश घोषित किया है.
आदेश के अनुसार सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ कक्षा 1 से 12 तक के सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल बंद रहेंगे.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है. साथ ही स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.


