पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया गया। विकासखंड खिर्सू के अंतर्गत जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से लगाए गए इस शिविर में लाभार्थियों का परीक्षण कर उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए पंजीकरण किया गया। शिविर में श्रीनगर नगर निगम की महापौर आरती भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
शिविर में एडिप और राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत कुल 80 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 6 आवेदन एडिप योजना और 74 आवेदन राष्ट्रीय वयोश्री योजना से संबंधित थे। परीक्षण के दौरान लाभार्थियों की जरूरत के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए उनका चिन्हीकरण किया गया। पात्र लाभार्थियों को आगामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
5 नए दिव्यांगता प्रमाण पत्र की प्रक्रिया
शिविर में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न योजनाओं और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही 5 नए दिव्यांगता प्रमाण पत्र और 7 यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई। इससे पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार कराने में सुविधा मिलेगी।
एडीओ समाज कल्याण पंकज मैंदोली ने बताया कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में एलिम्को के सहयोग से इस तरह के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की जरूरतों का मौके पर आकलन कर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने के साथ जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं। शिविर में पार्षद दिनेश पटवाल, विजय चमोली समेत समाज कल्याण विभाग और एलिम्को के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और उनके परिजनों ने भी शिविर में भाग लिया।


