उत्तर प्रदेश में 15 अक्टूबर से मिठाई की दुकानों के लिए नया नियम लागू होने जा रहा है. अब दुकानदारों को बिक्री के लिए रखी खुली मिठाइयों की ट्रे पर उनकी ‘यूज बाई’ डेट यानी इस्तेमाल की अंतिम तारीख लिखनी होगी. इससे ग्राहकों को मिठाई की ताजगी और उसके सुरक्षित इस्तेमाल की अवधि की जानकारी मिल सकेगी. नियम का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
खुली मिठाइयों पर भी बतानी होगी इस्तेमाल की अंतिम तारीख
अब तक पैक्ड मिठाइयों पर एक्सपायरी डेट अंकित करना अनिवार्य था, लेकिन खुली मिठाइयों के मामले में ऐसी स्पष्ट अनिवार्यता नहीं थी. इसके कारण ग्राहकों को अक्सर पता नहीं चल पाता था कि दुकान में रखी मिठाई कब तैयार की गई है और उसका इस्तेमाल कब तक सुरक्षित है.
नए नियम के तहत दुकानदारों को बिक्री के लिए प्रदर्शित या भंडारित खुली मिठाइयों की ट्रे पर इस्तेमाल की अंतिम तारीख अंकित करनी होगी. इसके लिए शासन की ओर से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं. विभाग दुकानदारों को नियम के प्रति जागरूक कर रहा है.
खराब मिठाई की बिक्री पर लगेगी रोक
मिठाइयों की सुरक्षित इस्तेमाल अवधि उनकी प्रकृति और सामग्री के अनुसार अलग-अलग होती है. कुछ मिठाइयां जल्दी खराब हो जाती हैं, जबकि कुछ को अधिक समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है. ऐसे में एक्सपायरी डेट की जानकारी नहीं मिलने से ग्राहकों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने का खतरा रहता है.
दुकानों में रंग-बिरंगी मिठाइयां डिस्प्ले कैबिनेट में सजाकर रखी जाती हैं. ग्राहक अक्सर उनकी बनावट और रंग देखकर खरीदारी करते हैं, लेकिन मिठाई कितनी पुरानी है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाती. नए नियम से ग्राहकों को खरीदारी के दौरान अधिक पारदर्शिता मिलेगी.
कुशीनगर में मिठाई की दुकानों पर विशेष नजर
कुशीनगर जिले में करीब 14,500 पंजीकृत दुकानदार हैं, जिनमें 547 मिठाई की दुकानें शामिल हैं. इसके अलावा प्रमुख कस्बों और चौराहों पर बड़ी संख्या में अन्य दुकानें भी संचालित हो रही हैं. ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग के लिए नियम का पालन सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण होगा.
विभाग के सहायक खाद्य आयुक्त प्रदीप राय के मुताबिक, शासन का पत्र मिलने के बाद दुकानदारों को जागरूक किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर से मिठाइयों पर इस्तेमाल की अंतिम तारीख अंकित करना जरूरी होगा. नियम का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
दुकानदार बोले- आदेश का करेंगे पालन
मिष्ठान विक्रेता सतीश सिंह ने कहा कि शासन की ओर से जो भी निर्देश दिए जाएंगे, उनका पालन किया जाएगा. दुकानदार उसी हिसाब से मिठाई तैयार करेंगे, जितनी निर्धारित अवधि के भीतर बेची जा सके. उन्होंने कहा कि ग्राहकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करना उचित नहीं है.
वहीं, ग्राहक सूरज दूबे ने इस फैसले को सराहनीय बताया. उनका कहना है कि मिठाइयों पर एक्सपायरी डेट लिखने से ग्राहकों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ चुनने में मदद मिलेगी. उन्होंने पनीर जैसे अन्य खाद्य पदार्थों पर भी इस्तेमाल की अंतिम तारीख अंकित करने की जरूरत बताई.


