उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी घोषणा की है. छात्रों को टैबलेट खरीदने के लिए सरकार की ओर से सीधे उनके खाते में धनराशि दी जाएगी. यह राशि सीधे लाभ हस्तांतरण यानी डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी.
छात्रों को डीबीटी के जरिए मिलेगी राशि
मुख्यमंत्री धामी ने शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान के तहत चयनित 140 छात्र-छात्राओं से संवाद किया. इसी दौरान उन्होंने छात्रों की मांग पर 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट खरीदने के लिए डीबीटी के जरिए धनराशि देने की घोषणा की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुसार बदलने पर काम कर रही है. छात्रों को तकनीक और ज्ञान से जोड़ने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.
छात्रों के सुझावों की सीएम ने की तारीफ
संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों से उनके विचार, सुझाव और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर उनके विजन के बारे में जाना. उन्होंने कहा कि छात्र पर्यटन, पर्यावरण, आपदा प्रबंधन, स्थानीय योजना और पलायन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से सोच रहे हैं.
धामी ने छात्रों के ‘नॉलेज बैंक’ बनाने के सुझाव की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि छात्रों को दुनियाभर में हो रही घटनाओं की भी अच्छी समझ है.
छात्रों से मिले 2.67 लाख से ज्यादा सुझाव
‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर प्रदेशभर के छात्रों से सुझाव मांगे गए थे. अभियान के तहत ऑनलाइन पोर्टल के जरिए कुल 2,67,744 विचार प्राप्त हुए. इनमें से बेहतर सुझाव देने वाले छात्रों का चयन कर मुख्यमंत्री के साथ सीधे संवाद का मौका दिया गया.
मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान में राज्य के करीब तीन लाख कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों को जोड़ा गया था.
छात्रों को मिलेगी 2 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति
सबसे बेहतर सुझाव देने वाले छात्रों को 12वीं के बाद करियर की तैयारी और कोचिंग के लिए 2 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति भी दी जाएगी.
बच्चों को बताया ‘इन-जी’
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने छात्रों को ‘इन-जी’ नाम दिया. उन्होंने कहा कि आमतौर पर इन बच्चों को जेन-जी कहा जाता है, लेकिन वह इन्हें ‘इन-जी’ यानी ‘इंडियन जनरेशन’ कहते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके परिवार में भी एक जेन-जी और एक अल्फा पीढ़ी का बच्चा है, इसलिए वह युवाओं से काफी जुड़ाव महसूस करते हैं.


