उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है. बलरामपुर में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हैं, इसलिए अब दोनों को आमने-सामने चुनाव लड़कर किस्मत आजमा लेनी चाहिए.
सीएम योगी ने बलरामपुर में 803 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 78 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए अयोध्या के विकास, कानून-व्यवस्था और क्षेत्र में हुए बदलाव का जिक्र किया.
‘आप भी अयोध्या से नामांकन करिए, मैं भी करता हूं’
सीएम योगी ने कहा, “मुझसे कहते हैं कि मुख्यमंत्री जी अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखा दें. अरे अखिलेश जी, अयोध्या हमारा पावन धाम है. मैं इसलिए जाता हूं कि अयोध्या के विकास में कोई कोताही न हो और उत्तर प्रदेश की पहचान पर कोई कलंक न लगे.”
उन्होंने आगे कहा कि जिस अयोध्या में पहले तीन से चार घंटे बिजली मिलती थी और जहां गंदगी का अंबार था, आज वही अयोध्या रामराज्य का उदाहरण बनकर त्रेतायुग का स्मरण करा रही है.
योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा, “मैं आपको ऑफर करता हूं, आप भी अयोध्या से नामांकन करिए, मैं भी करता हूं. चलिए एक बार किस्मत आजमा लिया जाए. तय हो ही जाए. लड़ाई चेलों से क्यों, लड़ाई सामने होनी चाहिए.”
सीएम योगी ने सपा पर माफिया के समर्थन का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता पहले भी विपक्ष की छुट्टी कर चुकी है.
‘आपका एक वोट तरक्की का कारण बन रहा है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता का एक वोट पहले क्षेत्र में पहचान का संकट और तस्करी जैसी समस्याएं पैदा करने वाली व्यवस्था का कारण बनता था, लेकिन अब वही वोट विकास और बदलाव का आधार बन रहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में माफिया और दबंगों का दबदबा था. जमीनों पर कब्जे किए जाते थे और व्यापारियों को धमकाकर उनकी संपत्तियों पर कब्जा कर लिया जाता था.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले बलरामपुर जिले की सड़कें सबसे खराब स्थिति में थीं. अब विकास कार्यों के जरिए क्षेत्र को नई पहचान मिल रही है. उन्होंने कहा कि जनता के समर्थन से क्षेत्र को आकांक्षात्मक जिले से आगे बढ़ाकर संभावनाओं वाले जिले के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है.
कांग्रेस और सहयोगी दलों पर भी साधा निशाना
सीएम योगी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि जो लोग राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण में बाधक थे, वे आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध कर रहे हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल लोकतांत्रिक विरोध की मर्यादा भूल चुके हैं और गाली-गलौज की भाषा का इस्तेमाल कर देश को गुमराह करने तथा अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं.


