मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड एकेश्वर सभागार में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं, सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया. इस दौरान कुल 123 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया.
दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं. डॉ. राजेंद्र प्रसाद अण्थवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चलाया जा रहा यह अभियान सरकार की जनकल्याणकारी सोच का सशक्त उदाहरण है.
उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविरों के माध्यम से सरकार स्वयं गांव-गांव पहुंचकर पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है. इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान हो रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. ऐसे शिविर शासन और जनता के बीच प्रभावी संवाद का माध्यम बन रहे हैं.
विभिन्न विभागों ने दिए योजनाओं के लाभ
शिविर में कृषि विभाग ने 6 किसानों को पौधे, उर्वरक और कृषि यंत्र वितरित किए. उद्यान विभाग ने 13 किसानों को सब्जियों के बीज उपलब्ध कराए. रीप और एनआरएलएम के माध्यम से 10-10 लाभार्थियों को उत्पादन और विपणन संबंधी सहयोग प्रदान किया गया.
बाल विकास विभाग ने 3 पात्र लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की. स्वास्थ्य विभाग ने 35 और आयुष विभाग ने 36 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं. राजस्व विभाग ने 2 किसानों को आय प्रमाण-पत्र जारी किए, जबकि पशुपालन विभाग ने 8 पशुपालकों को पशुओं के लिए दवाइयां वितरित कीं.
54 शिकायतें मिलीं, 51 का मौके पर समाधान
शिविर के दौरान कुल 54 शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 51 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया. शेष मामलों को शीघ्र कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया.
विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए लोगों से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पंकज बिष्ट, प्रधान संगठन अध्यक्ष पंकज पोखरियाल, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र भट्ट, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा, एडीओ पंचायत बनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.


