चकराता. भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून द्वारा चिल्ड्रन्स पार्क, चकराता में आयोजित ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ विषय पर तीन दिवसीय एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया. कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं, चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, जन-जागरूकता गतिविधियों और विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों के माध्यम से विद्यार्थियों, ग्रामीणों और आमजन को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई.
युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने का आह्वान
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैंट बोर्ड, चकराता के उपाध्यक्ष अनिल चांदना ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए ताकि वे स्वयं भी लाभ उठा सकें और दूसरों को भी जागरूक कर सकें. उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया.
प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा
समापन समारोह में कैंट इंटर कॉलेज, चकराता के छात्र-छात्राओं ने भाषण, पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया. विद्यार्थियों ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विभागों के सूचना स्टॉलों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की.
कार्यक्रम के दूसरे दिन जौनसार पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने चित्रकला और क्विज प्रतियोगिताओं में भाग लिया. योग, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं. वहीं तीसरे दिन कैंट इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने जौनसारी लोक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया.
सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग और बाल विकास विभाग के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी. बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए सूचना स्टॉलों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की.
विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंतर्गत ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि अनिल चांदना ने सम्मानित किया.
जौनसार पब्लिक स्कूल के जूनियर वर्ग में नमस्वी तोमर प्रथम, अर्पित रंजन द्वितीय और एना तोमर तृतीय स्थान पर रहे. सीनियर वर्ग में शम्भवी प्रथम, अरैना चांदना द्वितीय और ईशांत नेगी तृतीय स्थान पर रहे.
वहीं ‘विकसित भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में कैंट इंटर कॉलेज की नाव्या ने प्रथम, प्रिन्सी ने द्वितीय और कृष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. भाषण प्रतियोगिता में गरिमा प्रथम, आराध्य तोमर द्वितीय और सोनाक्षी वर्मा तृतीय स्थान पर रहीं.


