उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक दिन पहले जिस युवक को युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में जेल भिजवाया, अगले ही दिन उसी युवक से शादी की जिद लेकर वह थाने पहुंच गई. जब पुलिस ने बताया कि आरोपी जेल में बंद है और उसे थाने नहीं बुलाया जा सकता, तो युवती ने कथित तौर पर थाने के बाहर फिनायल पी लिया. इसके बाद पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची.
पहले दर्ज कराया केस, फिर शादी की मांग
जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के चौरी चौरा थाने में युवती ने एक युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. उसने आरोप लगाया कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर जिला जेल भेज दिया.
अगले ही दिन शनिवार को युवती दोबारा चौरी चौरा थाने पहुंची. इस बार उसने पुलिस से आरोपी युवक को बुलाने की मांग की और कहा कि वह उससे शादी करना चाहती है.
पुलिस ने बताया- आरोपी जेल में है
पुलिस ने युवती को समझाया कि आरोपी फिलहाल जिला जेल में बंद है, इसलिए उसे थाने नहीं बुलाया जा सकता. यदि वह उससे मिलना चाहती है तो जेल के नियमों के तहत प्रक्रिया पूरी करनी होगी. लेकिन युवती अपनी मांग पर अड़ी रही.
थाने के बाहर पिया फिनायल
पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद युवती थाने के बाहर गई और अपने पर्स से फिनायल की बोतल निकालकर पी ली. यह देखकर पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे चौरी चौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने परिजनों को दी सूचना
पुलिस ने घटना की जानकारी युवती के परिजनों को दे दी है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है.
क्या बोले सीओ चौरी चौरा
सीओ चौरी चौरा कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि एक युवती मुकदमे से जुड़े आरोपी को थाने बुलाने की जिद कर रही थी. उसे बताया गया कि आरोपी जिला जेल में बंद है और उससे थाने में मुलाकात संभव नहीं है. कुछ देर बाद सूचना मिली कि युवती ने घरों में इस्तेमाल होने वाला फिनायल पी लिया है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत सामान्य है.


