उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने वाला है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी देहरादून समेत कई इलाकों में शनिवार को हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली, लेकिन कई जगह जलभराव की समस्या भी देखने को मिली।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, आज देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
सोमवार से और तेज होगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार से मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इसके चलते कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।
बिजली गिरने की भी चेतावनी
पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तेज बारिश के दौर की चेतावनी जारी की गई है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

