देहरादून: कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आमजन को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल की अध्यक्षता में ऋषिकेश क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई.
गैस एजेंसियों को पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने और उपभोक्ताओं तक समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान रविवार को भी सभी गैस एजेंसियों को अनिवार्य रूप से खुला रखने के आदेश दिए गए.
सुरक्षा मानकों का पालन होगा अनिवार्य
प्रशासन ने निर्देश दिए कि गैस वितरण करने वाले सभी वाहनों पर एजेंसी की स्पष्ट फ्लैक्सी या बैनर लगाए जाएं. प्रत्येक वाहन में अग्निशमन यंत्र, तौलने का कांटा, डिलीवरी कर्मियों की यूनिफॉर्म और पहचान पत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों.
24×7 संचालित रहेंगे पेट्रोल पंप
जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा की पूरी अवधि के दौरान पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखें. सभी पेट्रोल पंप दिन-रात 24×7 खुले रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और आपातकालीन सेवाओं को किसी तरह की परेशानी न हो.
टैंकरों के लिए रात में रास्ता खुला रखने का सुझाव
बैठक के दौरान पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों ने सुझाव दिया कि ईंधन और गैस के टैंकरों की निर्बाध आवाजाही के लिए प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक मार्ग खुला रखा जाए, जिससे समय पर सभी केंद्रों तक आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके.


